जब आसमान बना ‘काल’: विजय रूपाणी से लेकर संजय गांधी तक, इन नेताओं की उड़ान बन गई आखिरी सफर!
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की हालिया एयर इंडिया विमान हादसे में मौत ने पूरे देश को हिला दिया है। रूपाणी अब उन दुर्भाग्यपूर्ण भारतीय नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनकी जान विमान या हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं में गई है। यह कोई पहला मामला नहीं है – इससे पहले भी कई दिग्गज नेता अपने राजनीतिक जीवन की ऊंची उड़ान के बीच आसमान में हादसे का शिकार हो चुके हैं।
Also Read This:- “शांति के चौधरी ट्रंप अपने ही देश में फेल! लॉस एंजिल्स जल रहा है, ट्रंप जी बस ट्वीट कर रहे हैं!”
✴️ विजय रूपाणी:
गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि सिर्फ एक व्यक्ति चमत्कारिक रूप से बच पाया। पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी की मौत ने विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
✴️ संजय गांधी (1980):
इंदिरा गांधी के छोटे बेटे संजय खुद एक प्रशिक्षित पायलट थे। उन्होंने दिल्ली में एक हल्का विमान उड़ाते वक्त नियंत्रण खो दिया और उनकी दर्दनाक मौत हो गई। उनकी असामयिक मौत ने कांग्रेस पार्टी और उनके परिवार में गहरा शोक पैदा किया।
✴️ माधवराव सिंधिया (2001):
कांग्रेस के करिश्माई नेता माधवराव एक चार्टर्ड विमान से सफर कर रहे थे जब उत्तर प्रदेश में दुर्घटना हुई। दुर्भाग्यपूर्ण यह कि इससे पहले वे एक विमान हादसे से बाल-बाल बचे थे।
✴️ वाईएस राजशेखर रेड्डी (2009):
आंध्र प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री YSR का हेलीकॉप्टर नल्लामाला जंगलों में क्रैश हो गया था। उनकी खोज में लगे दल को 24 घंटे बाद मलबा मिला।
✴️ बलवंतराय मेहता (1965):
गुजरात के मुख्यमंत्री रहे मेहता का विमान 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान पाकिस्तानी वायुसेना ने गलती से मार गिराया था। यह हादसा आज भी भारतीय इतिहास में दुर्लभ घटनाओं में गिना जाता है।
✴️ जीएमसी बालयोगी (2002):
लोकसभा अध्यक्ष और TDP नेता बालयोगी की मौत हेलिकॉप्टर क्रैश में हुई थी। वह भिंवरम से उड़कर लौट रहे थे जब कृष्णा जिले में हादसा हुआ।
✴️ साइप्रियन संगमा (2004):
मेघालय के ग्रामीण विकास मंत्री संगमा की मौत उस वक्त हुई जब उनका हेलिकॉप्टर बारापानी झील के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
✴️ दोरजी खांडू (2011):
अरुणाचल प्रदेश के सीएम दोरजी खांडू भी हेलिकॉप्टर हादसे में मारे गए। वे तवांग से ईटानगर जा रहे थे, लेकिन उनका सफर बीच में ही थम गया।
Also Read This:- Ahmedabad Plane Crash: आखिर क्यों बोला गया ‘Mayday’ और क्या होता है इसका मतलब?
क्या कहता है यह ट्रेंड?
भारत में VIP उड़ानों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता रही है, खासकर तब जब पूर्व मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री जैसे उच्च पदों पर आसीन नेता ऐसी घटनाओं में अपनी जान गंवा चुके हैं।